अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

पूर्व मध्य रेल में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यालय, हाजीपुर में अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता प्रतिज्ञा दिलाई।
26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रखी गई है।
प्रतिज्ञा के दौरान भ्रष्टाचार उन्मूलन, सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा बनाए रखने और नैतिक आचरण का पालन करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सिन्हा, विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।
नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया ईमानदारी का संदेश
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया गया। अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने नुक्कड़ नाटक दल के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उसे पुरस्कृत करने की घोषणा की। आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से हाजीपुर जंक्शन पर भी नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
सोनपुर मंडल में सतर्कता कार्यशाला
इसी क्रम में सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में सतर्कता जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक अमित शरण ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि संगठन में सत्यनिष्ठा की संस्कृति विकसित होने से कार्यकुशलता, उत्पादकता और गुणवत्ता में निरंतर सुधार होता है।
वरिष्ठ उप महाप्रबंधक सह मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सिन्हा ने स्वागत भाषण में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कार्यस्थल और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यशाला का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ।
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि पूर्व मध्य रेल की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलकर्मियों और आम नागरिकों के बीच सतर्कता, पारदर्शिता तथा नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

