मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी की चुनौतियां भी लगातार बढ़ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्राम झिरी स्थित ईस्वम एकेडमी ऑफ टेक्निकल एंड जनरल एजुकेशन, बुरहानपुर द्वारा संचालित प्रो. बृजमोहन मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेस (BIMTS कॉलेज) में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ‘साइबर जागरूकता मॉड्यूल प्रशिक्षण’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बेंगलुरु की फाउंडेशन के प्रशिक्षक इलियास अहमद ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित स्टाफ को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। स्मार्ट पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से उन्होंने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों को उदाहरण सहित समझाया और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया।
डिजिटल युग में सतर्कता ही सुरक्षा
प्रशिक्षक इलियास अहमद ने कहा कि आधुनिक डिजिटल एवं एआई के दौर में तकनीक का उपयोग जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। ऐसे में डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठाने के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति सजग और सतर्क रहना भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध वेबसाइट और एप से सावधान रहने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी तथा व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तत्काल शिकायत करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सावधानी ही साइबर फ्रॉड से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
साइबर फ्रॉड होने पर 1930 पर करें शिकायत
प्रशिक्षण के दौरान साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल की जाने वाली कार्रवाई की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों एवं स्टाफ को बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय पर शिकायत करने से आर्थिक नुकसान को कम करने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से समझा और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से उपयोग करने की जानकारी प्राप्त की।
संस्था के जनसंपर्क अधिकारी मिर्ज़ा राहत बेग ने बताया कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ वर्तमान समय की आवश्यक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना भी संस्था की प्राथमिकता है। साइबर सुरक्षा आज प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक जीवन कौशल बन चुकी है।
संस्था संचालक राखी अमित मिश्रा, अमित बृजमोहन मिश्रा, अनिल जैन एवं प्रियंवदा मिश्रा, प्रशासनिक अधिकारी विशाल गोजरे तथा प्राचार्य सैय्यद आसिफ अली ने कहा कि बदलते तकनीकी परिवेश में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल साइबर फ्रॉड के तरीकों की जानकारी मिली, बल्कि उससे बचाव के व्यावहारिक उपायों को भी समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सजग, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

