मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम कोरपानी, पोस्ट बरेलीपार, थाना नवेगांव के ग्रामीण लंबे समय से कोरपानी नदी पर पुलिया निर्माण की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार आजादी के बाद से अब तक नदी पर स्थायी पुलिया नहीं बनने के कारण करीब 20 गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम कोरपानी निवासी सोनू उइके ने बताया कि आसपास के करीब 20 गांवों के ग्रामीणों को स्कूल, रेलवे स्टेशन और नवेगांव सहित अन्य जरूरी स्थानों पर जाने के लिए कोरपानी नदी पार करनी पड़ती है। नदी पर पुलिया नहीं होने से बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है।
कोरपानी में प्राथमिक स्तर पर कक्षा पांचवीं तक तथा दूसरी ओर कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यालय संचालित हैं। विद्यार्थियों को भी प्रतिदिन नदी पार कर स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। बारिश के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों के लिए आवागमन और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाता है। वहीं मरीजों को भी उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी पर पुलिया बन जाने से करीब 20 गांवों के लोगों को स्कूल, रेलवे स्टेशन और नवेगांव सहित अन्य स्थानों तक आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने पंचायत एवं शासन-प्रशासन से कोरपानी नदी पर जल्द से जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की है।
पुलिया निर्माण की मांग करने वालों में देव सिंह उइके, सुभाष यूनाती, सोनू उइके, सोहन उइके, रंजन परतेती, रामदास यूनाती, रिंकू यूनाती, सुनील उइके, सालिता उइके, कविता यूनाती, प्रमिला उइके, सुखवती यूनाती सहित करीब 20 गांवों के ग्रामीण शामिल हैं।

