विश्व आदिवासी दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह 9 अगस्त को चांदपुर में होगा आयोजित | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, इंदौर (मप्र), NIT:

विश्व आदिवासी दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह 9 अगस्त को चांदपुर में होगा आयोजित | New India Times

संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व आदिवासी दिवस 9 अगस्त 2026 को अलीराजपुर जिले में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ग्राम चांदपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आदिवासी समाज जिला कोर कमेटी के सदस्यों की उपस्थिति में चांदपुर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्व आदिवासी दिवस के सफल आयोजन को लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई तथा समिति के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

इस वर्ष भी जिले के विभिन्न गांवों, कस्बों, ब्लॉकों, तहसीलों एवं जिला मुख्यालय पर विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अलीराजपुर बस स्टैंड से विशाल सांस्कृतिक एकता महारैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टंट्या मामा चौराहा पहुंचेगी। यहां समाज के सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठजनों द्वारा टंट्या मामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।

इसके बाद महारैली बोरखड़ होते हुए जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम स्थल ग्राम चांदपुर पहुंचेगी। यहां समाज के वरिष्ठजनों एवं अतिथियों द्वारा सामाजिक विषयों पर उद्बोधन दिया जाएगा। साथ ही जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर महामहिम राष्ट्रपति, महामहिम राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

जिलेभर से समाजजन रैली के रूप में मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चांदपुर पहुंचेंगे। जिला कोर कमेटी ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में चांदपुर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

बैठक में आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष बहादुर सिंह रावत, जिला कोर कमेटी के सदस्य रतनसिंह रावत, भंगुसिंह तोमर, नितेश अलावा, केरमसिंह चौहान, करमसिंह किराड़, आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष विक्रमसिंह बामनिया, भूपेंद्र पटेल, राकेश जमरा, भूरू जमरा, सुरपाल भिंडे, कमलेश भिंडे, जागर बामनिया, रामसिंह वास्कले, गोविंद वास्कले, राम सिंह तोमर, दिलीप मौर्य, राकेश भिंडे, आदम भिंडे, दिलीप जमरा, अमरसिंह जमरा, संदीप भिंडे, पिंटू वास्कले, गौतम भिंडे, जागर कनेश, करण चौंगड़, सूरसिंह वास्कले, अंतर बंडोडीया सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.