रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ शहर के कॉलेज मार्ग स्थित सर्किट हाउस के समीप बनी तालाब की पुलिया इन दिनों जर्जर अवस्था में है। पुलिया की खराब स्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय रहवासियों ने विधायक को पुलिया की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पुलिया की सुरक्षा दीवार में कई स्थानों पर गहरी दरारें आ गई हैं। बारिश के मौसम में तालाब का जलस्तर बढ़ने से स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन चालक एवं राहगीर गुजरते हैं, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिया की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड़ एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलिया का तत्काल तकनीकी परीक्षण कराकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
स्थिति का जायजा लेने के बाद विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की जनहानि रोकने के लिए पुलिया की शीघ्र मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

