मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिले की सर्विलांस सेल, जनपदीय एसओजी और थानों की साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 201 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में सर्विलांस सेल की टीम गुमशुदा मोबाइल फोन से संबंधित शिकायतों पर लगातार काम कर रही थी। शिकायतकर्ताओं द्वारा पुलिस कार्यालय और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर तकनीकी सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन की तलाश की गई। इस अभियान में जनपदीय एसओजी और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने भी सहयोग किया।

लंबे प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 201 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर लिए। मोबाइल वापस मिलने पर उनके स्वामियों ने खुशी जाहिर करते हुए शाहजहांपुर पुलिस की सराहना की।
इस मौके पर एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें और भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। साथ ही संबंधित सिम कार्ड को बंद करवाकर उसी नंबर का नया सिम कार्ड जारी कराएं, जिससे मोबाइल का दुरुपयोग न हो सके।
उन्होंने बताया कि CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक कराया जा सकता है। मोबाइल बरामद होने पर उसे अनब्लॉक भी कराया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने और किसी अनजान लिंक पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करने की भी अपील की।
बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी सर्विलांस सेल मोहन देव शर्मा सहित सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी, जनपदीय एसओजी टीम और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क के कर्मचारी शामिल रहे।

