ऐशबाग डबल मर्डर केस: ₹50 हजार का इनाम घोषित, 12 सदस्यीय SIT हर एंगल से कर रही जांच | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

ऐशबाग थाना क्षेत्र के चर्चित डबल मर्डर मामले में पुलिस जांच लगातार तेज़ी से आगे बढ़ रही है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने आरोपियों की जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए ₹50,000 के इनाम की घोषणा की है। फिलहाल पुलिस ने किसी आरोपी को नामजद नहीं किया है, लेकिन मामले की जांच बहु-आयामी तरीके से जारी है।

जानकारी के अनुसार, सुदामा नगर स्थित आंबेडकर कॉलोनी में रहने वाले रेलवे से सेवानिवृत्त हेमंत बारीक (64) और उनकी पत्नी, सेवानिवृत्त नर्स शकुंतला बारीक (62) के शव 26 जून 2026 को उनके घर से सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुए थे। प्रारंभिक जांच में गोली मारकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। घटनास्थल से 3 से 4 खाली कारतूस मिले हैं। पुलिस को जबरन घुसपैठ या लूटपाट के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। आशंका है कि आरोपियों ने बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

मामले की जांच के लिए एडिशनल डीसीपी रश्मि अग्रवाल और डीसीपी अखिल पटेल के नेतृत्व में 12 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इसमें क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, थाना पुलिस तथा एसीपी स्तर के अधिकारियों को शामिल किया गया है।

जांच में फिलहाल संपत्ति विवाद, सुपारी किलिंग, रिश्तेदारों, किराएदारों और अन्य संभावित पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने शकुंतला बारीक के भाई विनोद बारीक और समधी मोरिस सोलोमन सहित कई लोगों से लंबी पूछताछ की है। उनके मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी को क्लीन चिट नहीं दी गई है और न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है।

साइबर सेल सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। जांच के दौरान एक किराएदार के वारदात से पहले लापता होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने कहा है कि SIT पूरी गंभीरता और व्यवस्थित तरीके से हर पहलू की जांच कर रही है। कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, लेकिन फिलहाल कोई निर्णायक सफलता नहीं मिली है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, अभी तक ऐसी कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है जिससे यह कहा जा सके कि जांच पर किसी प्रकार का राजनीतिक या अन्य दबाव है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।

यह दोहरे हत्याकांड पूरे भोपाल में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी एवं मामले के खुलासे की उम्मीद कर रहे हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.