रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
धर्म नगरी थांदला (मध्यप्रदेश) के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। परम पूज्य महातपस्वी आचार्य श्री 108 कुंथुसागरजी महाराज के शिष्य, महामना महान तपस्वी संत आचार्य श्री 108 कुशाग्रनन्दीजी महाराज आदि ससंघ के चातुर्मास कलश स्थापना महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन रविवार, 2 अगस्त 2026 को किया जाएगा।
करीब 17 वर्षों बाद थांदला में महामना तपस्वी संतों के चातुर्मास के शुभारंभ के इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर सकल दिगंबर जैन समाज सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण है।
आयोजन समिति के अनुसार कलश स्थापना महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 1:30 बजे मेट्रो गार्डन, थांदला में होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है। आयोजन के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, मंगलाचरण एवं आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से धर्म, तप, त्याग और आत्मकल्याण का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण कोठारी (बाला सेठ), उपाध्यक्ष पारस मेहता, कोषाध्यक्ष इन्द्रवदन मेहता तथा कर्मठ कार्यकर्ता विजय भीमावत सहित समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यापक तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में पधारने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भोजन) की समुचित व्यवस्था रहेगी। सकल दिगंबर जैन समाज, थांदला ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

