जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक: बंद नल-जल योजनाएं जल्द शुरू करने के निर्देश, हर गांव तक पेयजल पहुंचाने पर जोर | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

कलेक्टर हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में जल जीवन मिशन अंतर्गत प्रगतिरत कार्यों एवं जल निगम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड छिंदवाड़ा एवं परासिया, महाप्रबंधक जल निगम मर्यादित छिंदवाड़ा, सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने निर्देश दिए कि नल-जल योजनाओं के अंतर्गत सभी ग्रामों की प्रत्येक बसाहट का सर्वे कराया जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन नेटवर्क की जांच कराई जाए। उन्होंने हैंडओवर की जा चुकी योजनाओं का उपयंत्रियों से निरीक्षण कराकर प्रमाण-पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नल-जल योजनाओं के संचालन एवं संधारण की समीक्षा करते हुए विकासखंड बिछुआ के ग्राम पलातारा तथा विकासखंड चौरई के ग्राम माचीवाड़ा में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा विकासखंड तामिया के ग्राम गोनावाड़ी एवं देलाखारी में विद्युत व्यवस्था तथा ग्राम टेकापार में जल स्रोत की उपलब्धता सुनिश्चित कर बंद पड़ी योजनाओं को शीघ्र पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विकासखंड हर्रई के ग्राम बोरपानी एवं बिछुआ की उन योजनाओं की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराने के निर्देश दिए, जो जल स्रोत में कम आवक क्षमता के कारण बंद थीं। साथ ही रोड रेस्टोरेशन कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जनपद पंचायतों तथा कार्यपालन यंत्रियों, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड छिंदवाड़ा एवं परासिया को ओपन वेल क्लोरीनेशन संबंधी आवश्यक पत्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक में सभी जल स्रोतों में पर्याप्त जल उपलब्धता, पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा निर्धारित परीक्षण मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कलेक्टर ने जल निगम के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए प्रगति में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.