मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

शहर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में नगर कांग्रेस ने कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि पंचशील कॉलोनी सहित पूरे नगर में पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। यहां तक कि आधी रात में भी असमय बिजली बंद होने से आम नागरिकों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
नगर कांग्रेस ने कहा कि विशेष रूप से सुबह के समय होने वाली बिजली कटौती से सब्जी व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली न रहने के कारण दुकानदारों और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कामकाज बाधित हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, जलापूर्ति के समय बिजली कटने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नगर में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यदि किसी तकनीकी कारण से बिजली बंद करना आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना आम जनता को दी जाए, ताकि नागरिक और व्यापारी आवश्यक व्यवस्थाएं कर सकें।
नगर कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
इस दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष अरुणेश जायसवाल, परशुराम यदुवंशी, राजुद्दीन सिद्दीकी, संतोष जंगेला, मुस्तु खान, अजय साहू, निखिल यदुवंशी और विनोद यदुवंशी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

