मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
पुलिस चौकी डूंगरिया क्षेत्र के ग्राम पनारा निवासी सनलाल धुर्वे (48 वर्ष), पिता जुम्मन धुर्वे पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सनलाल धुर्वे के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने मवेशियों को चराने के लिए बाबा टेक के जंगल गए थे। उसी दौरान संजू और जानकी बाई भी अपने मवेशियों को चराने के लिए वहां पहुंचे थे। शाम करीब 4 बजे, जब सभी लोग खेत के पास मौजूद थे, तभी अचानक एक जंगली सूअर ने सनलाल पर हमला कर दिया।
हमले में सनलाल के सिर, कमर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही के बावजूद वन विभाग पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है। ग्रामीणों ने घायल को उचित क्षतिपूर्ति देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

