खाद, बिजली और सिंचाई की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन | New India Times

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

देवरी विधानसभा क्षेत्र में रबी सीजन के दौरान किसानों को खाद की कमी, बिजली कटौती और सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की इन समस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस एवं नगर कांग्रेस द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान तहसीलदार अनुराग त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में डीएपी खाद की कमी के कारण किसान समय पर बोनी नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, ऑनलाइन टोकन बुकिंग व्यवस्था में भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देवरी क्षेत्र में लहसुन, प्याज, टमाटर सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों का रकबा अधिक होने के कारण किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई।

कांग्रेस ने कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती किए जाने का मुद्दा भी उठाया। पार्टी ने मांग की कि किसानों को निर्धारित समय पर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जाए, खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए।
इसके साथ ही क्षेत्र के जलाशयों की क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत और उनकी साफ-सफाई शीघ्र कराने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खाद, बिजली और सिंचाई की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं होने से किसानों की रबी फसलों की बोनी और सिंचाई प्रभावित हो सकती है। प्रदर्शन के माध्यम से संबंधित विभागों से किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने की मांग की गई।
इस दौरान पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने किसानों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी, वहीं तहसीलदार अनुराग त्रिपाठी ने ज्ञापन प्राप्त किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.