संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

21वें आईटीएम उद्भव उत्सव 2026 इंटरनेशनल कल्चरल ओलंपियाड की समापन संध्या पर आयोजित गाला नाइट में बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आईटीएम कॉलेज के नाद थिएटर के खुले मंच पर आयोजित समारोह में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में देश की सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना पद्मश्री नलिनी-कमलिनी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईटीएम यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. ओमवीर सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में आईटीएम ग्लोबल स्कूल की प्राचार्या गीता एस., कैंसर अस्पताल एवं शोध संस्थान के निदेशक डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव, उद्भव संस्था के अध्यक्ष डॉ. केशव पांडेय और सचिव दीपक तोमर मंचासीन रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए पद्मश्री कमलिनी ने कहा कि कला बिना कुछ कहे ही बहुत कुछ कह देती है। कला में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा रहती है। जब भाव, विचार और अभिव्यक्ति एक साथ जुड़ते हैं, तो वे लोगों को भी जोड़ते हैं। सुर बदलने के साथ भाव भी बदल जाते हैं। नृत्य एक अंतरराष्ट्रीय भाषा है। उन्होंने कहा कि अध्यात्म और कला मनुष्य के भीतर के खालीपन को दूर करने में सहायक हैं।
विशिष्ट अतिथि डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव ने मानव सभ्यता के आरंभ से नृत्य और संगीत के विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। सचिव दीपक तोमर ने उत्सव में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष डॉ. केशव पांडेय ने उद्भव संस्था के 30 वर्षों के सफर और उसके विभिन्न आयोजनों की जानकारी दी।
कथक और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
गाला नाइट में कलाकारों ने कथक और भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। चार दिवसीय उत्सव का समापन कला, संस्कृति और बौद्धिक विमर्श के अनूठे संगम के साथ हुआ।
पूर्व नौसेना प्रमुख ने विजेताओं को प्रदान की ट्रॉफी
समापन समारोह के पहले सत्र में भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी अपनी पत्नी श्रीमती शशि त्रिपाठी के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) की विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए। एमयूएन में ओवरऑल प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रगति विद्यापीठ को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मॉडल यूनाइटेड नेशंस की विभिन्न श्रेणियों में ये रहे विजेता
मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) में प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, वैश्विक स्वास्थ्य, मानवाधिकार, सुरक्षा और पत्रकारिता जैसे विषयों पर अपनी तार्किक क्षमता और संवाद कौशल का प्रदर्शन किया।
ब्रिक्स श्रेणी में प्रांजीत श्रीवास्तव, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) में आराध्या यादव, मानवाधिकार परिषद में अनुष्का श्रीवास्तव और सुरक्षा परिषद में राघव गुप्ता सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि चुने गए। प्रेस कॉर्प्स में वंशिका चौहान को सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधि का पुरस्कार मिला।
शास्त्रीय नृत्य की 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में हव्यायनी नायक, 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग में रिधिमा सेन गुप्ता और 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सप्तऋषि पीवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अर्द्धशास्त्रीय नृत्य की इन तीनों श्रेणियों में क्रमशः सोफिया बुराटो, वाणी पाठक और पाल गुप्ता ने पहला स्थान हासिल किया।
समूह वाद्य संगीत में परिमिता हेरिटेज प्रथम रही। एकल ताल वाद्य श्रेणी में एवीके कृतिक तथा ओपन वाद्य श्रेणी में चेन्नई की ट्यूनिंग माइंड्स, ए कल्चरल अकादमी को प्रथम पुरस्कार मिला।
पूर्व नौसेना प्रमुख ने युवाओं को दिया निरंतर सीखने और हार न मानने का संदेश
भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने 21वें आईटीएम उद्भव उत्सव 2026 इंटरनेशनल कल्चरल ओलंपियाड में देश-विदेश से आए प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सफलता के चार सूत्र बताए। उन्होंने युवाओं से अपनी सोच खुली रखने, निरंतर सीखने और लक्ष्य हासिल होने तक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए एडमिरल त्रिपाठी ने सफलता के लिए अंग्रेजी के चार ‘पी’ का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं को पेशेवर कौशल (Professional Skills), जुनून (Passion), दृढ़ता और निरंतर प्रयास (Perseverance) तथा आगे बढ़ते रहने (Forward) की भावना अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सीखने की ललक, समर्पण और लगातार प्रयास करते रहना बेहद जरूरी है।

