मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने भुसावल प्रवास के दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुनीत अग्रवाल से मुलाकात कर बुरहानपुर में रेल सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के निराकरण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण, शिवाजी नगर में आवागमन की समस्या, रेलवे स्टेशन की लंबित सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया।
शिवाजी नगर के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तत्काल हो
श्रीमती चिटनिस ने बताया कि शिवाजी नगर क्षेत्र में लगभग 30 से 40 हजार लोग निवास करते हैं। समुचित आवागमन मार्ग के अभाव में नागरिकों को बाजार और अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऑटो रिक्शा और एम्बुलेंस जैसे आवश्यक वाहनों की आवाजाही के लिए सुगम मार्ग उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने आग्रह किया कि इस समस्या का समाधान तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के निर्माण की प्रतीक्षा किए बिना किया जाए। चूंकि यह समस्या रेल लाइन के निर्माण से अलग है, इसलिए स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए तत्काल वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जाएं।
तीसरी-चौथी रेल लाइन के कार्य में विभागीय समन्वय जरूरी
इटारसी-भुसावल रेल मार्ग पर प्रस्तावित तीसरी एवं चौथी रेल लाइन के विस्तार को लेकर श्रीमती चिटनिस ने भूमि अधिग्रहण और परियोजना से संबंधित जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और नगर निगम के बीच समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि सड़क, सीवरेज और अन्य जनहितकारी विकास कार्य प्रभावित न हों तथा निर्माण के दौरान स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
रेलवे स्टेशन की लंबित सुविधाएं शीघ्र शुरू हों
श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर स्वीकृत एस्केलेटर और चारपहिया वाहन पार्किंग का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की। उन्होंने स्टेशन परिसर में सुगम रास्तों, स्वच्छ शौचालयों और अन्य यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। वर्ष 2016 में घोषित 104 आदर्श रेलवे स्टेशनों में बुरहानपुर स्टेशन भी शामिल था। ऐसे में यात्रियों की सुविधा के लिए लंबित कार्यों को गति देना आवश्यक है।
उन्होंने स्टेशन के बाहर ऑटो स्टैंड पर बने डिवाइडर के कारण यातायात प्रभावित होने और निकास मार्ग में बाधा आने का मुद्दा भी उठाया। यात्रियों एवं ऑटो चालकों की सुविधा के लिए डिवाइडर हटाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
ट्रेनों के ठहराव और नई मेमू सेवाओं की मांग
श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर स्टेशन पर मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का कम से कम पांच मिनट का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग रखी। इससे यात्रियों के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों को पार्सल बुकिंग की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने ओंकारेश्वर से नासिक के बीच मेमू ट्रेन शुरू करने तथा सनावद-खंडवा के बीच मेमू सेवा प्रारंभ करने की दिशा में भी पहल करने का आग्रह किया, जिससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय यात्रियों को लाभ मिल सके।
स्टेशन निरीक्षण के दौरान रहवासियों की समस्याएं भी सुनीं
श्रीमती चिटनिस ने बुरहानपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए आसपास के रहवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने निर्माण कार्यों, यातायात और आवागमन से जुड़ी परेशानियों को डीआरएम के समक्ष रखते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि रेल अधोसंरचना का विस्तार तभी स्थानीय जरूरतों के अनुरूप होगा, जब यात्रियों की सुविधाओं और नागरिकों के दैनिक आवागमन को भी प्राथमिकता दी जाएगी। इसी उद्देश्य से उन्होंने बुरहानपुर रेलवे स्टेशन की सुविधाओं, रेल कनेक्टिविटी और स्थानीय रहवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू राजेंद्र दादू, महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

