मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, क्रय-विक्रय और परिवहन में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में थाना खकनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
23 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना खकनार पुलिस ने हमराह स्टाफ एवं पंचों के साथ माता नदी मंदिर के पास, ग्राम खकनार खुर्द में घेराबंदी कर शाहरुख उर्फ शाहरुख खान को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक हस्तनिर्मित (देशी) पिस्टल, एक मोबाइल फोन तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत ₹1.37 लाख है।
आरोपी के विरुद्ध थाना खकनार में अपराध क्रमांक 338/2026, धारा 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर एवं अंतरजिला आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध हरदा, बुरहानपुर और खंडवा जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, लूट के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा थाना खकनार पुलिस ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को ग्राम पचौरी के जंगल में दबिश देकर अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था, जहां से पांच पिस्टल जब्त की गई थीं। इस मामले का मुख्य आरोपी रहेराज उर्फ रेहरास, निवासी ग्राम पचौरी, घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे 22 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक अभिषेक जाधव, उपनिरीक्षक शंकर लोने, प्रधान आरक्षक सतीश सूर्यवंशी तथा आरक्षक जितेंद्र चौहान, राकेश डावर, सबलसिंह देवड़ा, सुनील धुर्वे, अर्जुन और अनिल डावर की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

