भोपाल ग्रामीण पुलिस का बड़ा खुलासा: मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, इनामी बदमाश समेत 6 आरोपी गिरफ्तार | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल ग्रामीण पुलिस का बड़ा खुलासा: मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, इनामी बदमाश समेत 6 आरोपी गिरफ्तार | New India Times

भोपाल (ग्रामीण) जिले में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इनामी बदमाश दीनदयाल उर्फ दीना महाराज सहित छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 चांदी के मुकुट सहित करीब चार लाख रुपये मूल्य की धार्मिक सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पंकज कुमार पाण्डेय ने मंदिर चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न मामलों में कुल 19 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी ईटखेड़ी मंजु चौहान के पर्यवेक्षण में एसआईटी ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान सूचना मिली कि मंदिर चोरी का मुख्य आरोपी दीनदयाल उर्फ दीना महाराज अपने साथियों के साथ सूखी सेवनिया बायपास चौराहे पर मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में दीनदयाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर भोपाल (ग्रामीण) जिले के ईटखेड़ी, सूखी सेवनिया और बैरसिया थाना क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले आनंद उर्फ इन्द्र नारायण राजपूत को होशंगाबाद से गिरफ्तार किया गया तथा बेचा गया मशरूका भी बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2021 से 2026 के बीच दर्ज कुल 12 मंदिर चोरी एवं चोरी के प्रयास के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने मंदिरों से चांदी के मुकुट, चांदी का छत्र, चांदी की थाली, चांदी जड़ित नारियल, चांदी का ओम चिन्ह, दानपेटी की नकदी, पीतल का घंटा तथा अन्य धार्मिक सामग्री चोरी करना स्वीकार किया।

वारदात का तरीका

पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना दीनदयाल उर्फ दीना महाराज पहले मंदिरों की रेकी करता था। वारदात से पांच से छह घंटे पहले वह अपने मोबाइल फोन बंद कर देता था ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। मंदिर बंद होने के बाद आरोपी ताला, मुख्य द्वार या खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश करते और कीमती धार्मिक सामग्री चोरी कर फरार हो जाते थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए गिरोह हर तीन से चार महीने में अपना ठिकाना बदल लेता था और वारदात के बाद भोपाल (ग्रामीण) छोड़कर अशोकनगर के करीला सहित अन्य स्थानों पर चला जाता था।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 16 चांदी के मुकुट, एक चांदी की थाली, एक चांदी जड़ित नारियल, एक चांदी का छत्र, एक चांदी का ओम चिन्ह तथा एक पीतल का घंटा बरामद किया है। बरामद चांदी का कुल वजन लगभग 1.5 किलोग्राम तथा कुल कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है।

मुख्य आरोपी दीनदयाल उर्फ दीना महाराज के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसके विरुद्ध विभिन्न न्यायालयों से आठ स्थायी वारंट और एक गिरफ्तारी वारंट भी लंबित हैं। पुलिस अन्य मंदिर चोरी की घटनाओं के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है। संभावना है कि पूछताछ में अन्य मामलों का भी खुलासा होगा।

इस कार्रवाई में एसआईटी प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुलस्ते, उप निरीक्षक कृष्णा ठाकुर, प्रधान आरक्षक मनोज वर्मा, मुश्ताक अहमद, योगेश मिश्रा तथा आरक्षक योगेश भावसार, विनोद गुर्जर और रवि सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.