मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील दमुआ को पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थानीय युवा व्यापारियों ने मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से बैतूल में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए इस मांग को जल्द पूरा करने की अपील की।
व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले भी इस संबंध में विधायक, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं हो सकी है।
पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे आकाश ठाकरे, अरविंद सिंह, अमित बारिया और कैलाश सोनी ने प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी दमुआ को पूर्ण तहसील बनाने की घोषणा की थी। इसके अलावा पूर्व प्रभारी मंत्री कमल पटेल ने भी इस संबंध में घोषणा की थी, लेकिन आज तक इस पर अमल नहीं हो सका।
व्यापारियों का कहना है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात के बाद उन्हें उम्मीद जगी है कि दमुआ को जल्द पूर्ण तहसील का दर्जा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि दमुआ क्षेत्र से लगभग 55 से 60 ग्राम पंचायतें और 90 से अधिक गांव जुड़े हुए हैं। इन क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए 60 से 70 किलोमीटर दूर जुन्नारदेव जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी होती है।
व्यापारियों ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के अनुरूप दमुआ को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की मांग की है। अब देखना होगा कि सरकार इस मांग पर कब तक सकारात्मक निर्णय लेती है, ताकि क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

