साबिर खान, वसई-विरार/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:
वालीव पुलिस स्टेशन की अपराध प्रकटीकरण शाखा ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत की तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता फैजान अहमद रियाज अहमद खान ने अपनी टीवीएस कंपनी की मोटरसाइकिल (क्रमांक MH-48-BS-9738) को 20 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से 28 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे के बीच वसई पूर्व के वालीव रोड स्थित झरी कॉम्प्लेक्स की खुली पार्किंग में खड़ा किया था। इस दौरान अज्ञात चोरों ने मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इस संबंध में वालीव पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 703/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
वसई-विरार क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए परिमंडल-2, वसई के पुलिस उपायुक्त ने मामलों का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप केरेकर के मार्गदर्शन में वालीव पुलिस की अपराध प्रकटीकरण शाखा ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने वसई पश्चिम क्षेत्र से महिला आरोपी बबिता अजय पाल (25) और पुरुष आरोपी सानू रज्जब कुरैशी (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों से वसई पूर्व और पश्चिम के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इन वाहनों की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा हुआ है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त अशोक विरकर, सहायक पुलिस आयुक्त नितिन गिते, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप केरेकर तथा अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक गोरखनाथ जाधव के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में अपराध प्रकटीकरण शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिमंडल-2 कार्यालय की टीम ने भी सहयोग किया।

