अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित बाबा अजगैविनाथ धाम में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मसदी पंचायत स्थित डाक बंगला निरीक्षण भवन में पुल निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ श्रावणी मेला से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद नगर परिषद सुल्तानगंज के सभागार में भी समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पथ निर्माण मंत्री ने मेला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों के साथ विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
इसके पश्चात मंत्री ने अजगैविनाथ गंगा घाट, नमामि गंगे घाट तथा कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि श्रावणी मेले में आने वाले कांवरियों की बेहतर व्यवस्था को लेकर अधिकारियों, वार्ड पार्षदों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से सुझाव लिए गए हैं। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को 22 जुलाई तक मेला से जुड़े सभी कार्य हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में कांवरियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इन्हीं तैयारियों का जायजा लेने वे अजगैविनाथ धाम पहुंचे हैं।
फोरलेन सड़क में उद्घाटन से पहले आई दरारों के संबंध में मंत्री ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत एवं सुधार के निर्देश दिए जाएंगे।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि, स्थानीय विधायक, एसडीओ, कार्यपालक पदाधिकारी, जदयू एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

