गौरझामर शराब दुकान में मुफ्त शराब न देने पर हमला, कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़, 6 आरोपियों पर मामला दर्ज | New India Times

राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

New India times

गौरझामर में सोमवार रात 5-6 लोगों ने शराब दुकान में घुसकर दो कर्मचारियों के साथ मारपीट की और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। कर्मचारी संदीप यादव की शिकायत पर गौरझामर पुलिस ने गब्बर सिंह सहित छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

रिपोर्ट के अनुसार, संदीप यादव अपने साथी कृष्णा राय के साथ दुकान के अंदर काम कर रहे थे। तभी काउंटर पर एक व्यक्ति अपने दो साथियों के साथ आया और दो बोतल शराब मुफ्त में देने की मांग करने लगा। उसने अपना नाम गब्बर सिंह निवासी केसली बताया। कर्मचारियों द्वारा मुफ्त शराब देने से इनकार करने पर वह गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। सभी आरोपी डंडे और ईंट लेकर शराब दुकान के अंदर घुस आए तथा दोनों कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट की।

आरोपियों ने दुकान में रखी शराब की बोतलें, कुर्सियां, टेबल और एक मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की। जाते समय उन्होंने कर्मचारियों को धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो दुकान संचालक मनीष लोधी को गोली मार देंगे।

गौरझामर पुलिस ने गब्बर सिंह सहित अन्य पांच आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसडीओपी अरुण उइके ने बताया कि गौरझामर की शराब दुकान में कर्मचारियों के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की घटना हुई है। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही शराब दुकान संचालक से भी पूछताछ की जा रही है कि आखिर यह घटना किन परिस्थितियों में हुई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.