मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी वरिष्ठता सूची के आधार पर शासकीय महाविद्यालय, जुन्नारदेव की सह प्राध्यापक डॉ. संगीता वाशिंगटन को प्राध्यापक पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के बाद वे शासकीय महाविद्यालय, जुन्नारदेव में प्राध्यापक पद पर कार्यरत एकमात्र अधिकारी हैं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. संगीता वाशिंगटन का जन्म जुन्नारदेव नगर में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा भी यहीं से प्राप्त की। इसके बाद उन्हें इसी नगर के शासकीय महाविद्यालय में पहली नियुक्ति मिली और अब उन्हें प्राध्यापक पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई है।
वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग में उनकी 34 वर्ष की सेवा पूर्ण हो चुकी है। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। साथ ही शासन एवं उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित सभी योग्यताओं और मानकों पर वे सदैव खरी उतरीं। इसी का परिणाम है कि उन्हें सह प्राध्यापक से प्राध्यापक पद पर पदोन्नति प्रदान की गई।
उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

