राजाखेड़ा फायरिंग कांड का बड़ा खुलासा: 72 घंटे में पुलिस ने ₹25-25 हजार के दो इनामी बदमाशों को दबोचा, कट्टा और बाइक बरामद | New India Times

यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

राजाखेड़ा फायरिंग कांड का बड़ा खुलासा: 72 घंटे में पुलिस ने ₹25-25 हजार के दो इनामी बदमाशों को दबोचा, कट्टा और बाइक बरामद | New India Times

राजाखेड़ा कस्बे में 6 जुलाई को तीन बाइक सवार बदमाशों द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों पर सरेआम फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में धौलपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वारदात के महज 72 घंटे के भीतर पुलिस ने ₹25-25 हजार के इनामी दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी लगातार निगरानी की गई। डीएसटी टीम से मिली सूचना पर राजाखेड़ा थाना पुलिस, डीएसटी टीम और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बसई घीयाराम से आगे अंधियारी के बीहड़ों में घेराबंदी की।

पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी सचिन और अभिषेक ऊंचे मिट्टी के टीले से नीचे कूद गए, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। दोनों को पहले राजाखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस अभिरक्षा में उनका उपचार जारी है।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि दोनों आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, धौलपुर द्वारा ₹25-25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं वृत्ताधिकारी सैपऊ मनोहर मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी गंभीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर का देशी कट्टा तथा .315 बोर के पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.