आपसी रंजिश में सीकर में फावड़े से हमला कर युवक की हत्या, दूसरा गंभीर घायल; तीन गाड़ियों में सवार होकर आए थे हिस्ट्रीशीटर समेत कई लोग, गिरफ़्तारी की मांग को धरना | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

आपसी रंजिश में सीकर में फावड़े से हमला कर युवक की हत्या, दूसरा गंभीर घायल; तीन गाड़ियों में सवार होकर आए थे हिस्ट्रीशीटर समेत कई लोग, गिरफ़्तारी की मांग को धरना | New India Times

राजस्थान के सीकर जिले में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की फावड़े से हमला कर हत्या करने का मामला सामने आया है। हमले में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका एसके अस्पताल में उपचार जारी है। परिजनों की शिकायत के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर समेत 5-6 आरोपी तीन गाड़ियों में सवार होकर आए थे और उन्होंने युवकों की गाड़ी को टक्कर मारने के बाद हमला कर दिया। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना सदर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 29 वर्षीय संदीप पिलानिया पुत्र नेमीचंद पिलानिया, निवासी अजीतपुरा, थाना दादिया क्षेत्र, सीकर के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतक के पिता सेना में हवलदार हैं।

पेट्रोल पंप जाते समय गाड़ी को मारी टक्कर

आपसी रंजिश में सीकर में फावड़े से हमला कर युवक की हत्या, दूसरा गंभीर घायल; तीन गाड़ियों में सवार होकर आए थे हिस्ट्रीशीटर समेत कई लोग, गिरफ़्तारी की मांग को धरना | New India Times

मृतक के भाई कुलदीप ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि बुधवार रात करीब 12:30 बजे उसका भाई संदीप अपने साथी प्रवीण, सोयल, आनंद, मोहित और मुकेश के साथ कैंपर गाड़ी से भढाढर स्थित वर्कशॉप से निकला था। इसके बाद सभी गांव के पेट्रोल पंप पर पहुंचे, लेकिन वहां पेट्रोल नहीं मिलने पर वे पास स्थित नायरा पेट्रोल पंप की ओर जाने लगे।
कुलदीप के मुताबिक, रास्ते में सामने से आ रही एक कैंपर गाड़ी ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे वह बंद हो गई। इसी दौरान दो अन्य कैंपर गाड़ियां और एक स्कॉर्पियो भी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि इन वाहनों से भी उनकी गाड़ी को पीछे और साइड से टक्कर मारी गई।

फावड़े से हमला कर संदीप की हत्या
शिकायत के अनुसार, गाड़ियों से हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र लोसल, नितेश उर्फ वीरू, उमेश उर्फ पोलक, अरबाज खान निवासी लक्ष्मणगढ़, कालू और सुमित समेत अन्य लोग उतरे। इस दौरान संदीप और आनंद के साथ मौजूद प्रवीण, सोयल तथा मोहित वहां से भाग निकले, जबकि संदीप और आनंद पर हमला कर दिया गया।
आरोप है कि हमलावरों ने आनंद के पैर और पेशाब की नली को गंभीर रूप से चोटिल कर दिया। वहीं, संदीप के साथ बुरी तरह मारपीट की गई और उस पर फावड़े से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। घायल आनंद को एसके अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

आरोपियों की गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने की चेतावनी
घटना के बाद संदीप के शव को एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मृतक के दोस्त अक्षय जाखड़ ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा और अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिवार को मुआवजा या आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आरोपियों की गिरफ्तारी चाहिए।

नशा तस्करी से जुड़े होने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक संदीप के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज बताया गया है। वहीं, घटना में शामिल बताए जा रहे कुछ आरोपियों के भी एमडी और स्मैक की तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में पुलिस आपसी रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.