मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विकासखंड के अंतर्गत नवीन शासकीय प्राथमिक विद्यालय, डुंगरिया (स्कूल क्रमांक-4) का भवन वर्षों से जर्जर अवस्था में होने के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार स्कूल भवन की हालत लगातार खराब होती जा रही है। भवन की बल्लियां सड़ चुकी हैं, छत और दीवारों के हिस्से धीरे-धीरे अंदर की ओर झुक रहे हैं तथा दरवाजा भी खुला रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर स्कूल भवन के करीब ही आंगनवाड़ी केंद्र संचालित है तथा आसपास कई मकान भी स्थित हैं। भवन के सामने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का नियमित आवागमन होता है। इसके अलावा बच्चों का खेल मैदान भी इसी जर्जर भवन के सामने है, जिससे खेलते समय बच्चों के भवन के अंदर चले जाने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि स्कूल भवन की मरम्मत के लिए आने वाले फंड का उपयोग आखिर कहां किया गया। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जर्जर भवन को जल्द से जल्द डिस्मेंटल (ध्वस्त) कर नई भवन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस संबंध में जब विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ओमप्रकाश जोशी से बात की गई तो उन्होंने पूरे मामले की जिम्मेदारी बीआरसी पर बताते हुए वहीं संपर्क करने की बात कही।

