मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: ‘जय माता दी’ के जयघोष के बीच 191 वरिष्ठ श्रद्धालु वैष्णो देवी धाम के लिए रवाना | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत बुरहानपुर जिले से 191 पात्र वरिष्ठ नागरिकों का जत्था शुक्रवार को माता वैष्णो देवी धाम की पावन यात्रा के लिए रवाना हुआ। बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी), महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी तथा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रेलवे स्टेशन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। “जय माता दी” के जयघोष के बीच रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर माता वैष्णो देवी के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने यात्रियों से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा माता रानी से सभी की सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की प्रार्थना की।

इस अवसर पर श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश सरकार की एक संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की वर्षों पुरानी तीर्थ दर्शन की अभिलाषा पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल तीर्थ यात्रा का अवसर नहीं, बल्कि बुजुर्गों के सम्मान और उनकी भावनाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान सर्वोपरि है, और उनकी आस्था का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने माता वैष्णो देवी से सभी श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाल जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत यह यात्रा 3 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भोजन, आवास एवं चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई हैं, ताकि सभी यात्री सुरक्षित एवं सुगमता से अपनी यात्रा पूर्ण कर सकें।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं रेलवे अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाओं के साथ विदाई देते हुए उनकी सकुशल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, कीमत मतवानी, रूद्रेश्वर एंडोले, करण चौकसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.