मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के दमुआ–सारणी मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण एक विशाल पेड़ मुख्य सड़क पर गिर गया। इससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। बारिश के बीच वाहन चालक और राहगीर काफी देर तक परेशान होते रहे, जबकि कई वाहन चालकों को वापस लौटना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए सड़क पर गिरे पेड़ को हटाया, जिसके बाद यातायात को फिर से सुचारु किया जा सका। मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी एकत्र हो गई।
पेड़ गिरने के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। संबंधित जूनियर इंजीनियर ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से लगभग 20 मिनट तक बिजली आपूर्ति बंद रखी गई। आवश्यक मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति पुनः सुचारु रूप से बहाल कर दी गई।

