मध्याह्न भोजन में लापरवाही: समय पर भोजन न मिलने से छात्र रहे भूखे, स्कूल की छुट्टी समय से पहले करनी पड़ी | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत खापा स्वामी के दमुआ रोड स्थित शासकीय माध्यमिक शाला खापा स्वामी में मध्याह्न भोजन व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार विद्यालय के लगभग 80 छात्र-छात्राओं को समय पर मध्याह्न भोजन नहीं मिल रहा है। आरोप है कि कई दिनों से बच्चों को या तो भोजन नहीं दिया जा रहा है, या फिर खराब गुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कई बच्चे खराब भोजन के कारण उसे खाने से मना कर देते हैं और अपने घर जाकर भोजन करते हैं। कुछ बच्चे घर से टिफिन लाते हैं, जबकि जिनके पास टिफिन नहीं होता, उन्हें भूखे ही रहना पड़ता है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले लाई गई कच्ची दाल में इल्ली मिली थी, वहीं कई बार बच्चों को कच्ची रोटियां भी परोसी गईं, जिन्हें वे खा नहीं पाए।

आरोप है कि 6 जुलाई को विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे बच्चों को भूखे रहना पड़ा। भूख की वजह से विद्यालय प्रबंधन को लगभग दोपहर 2:30 बजे ही छुट्टी करनी पड़ी। बताया गया कि छुट्टी के बाद कई बच्चे भूख मिटाने के लिए आसपास की दुकानों से कुरकुरे आदि खरीदकर खाते हुए दिखाई दिए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मध्याह्न भोजन संचालित करने वाली समिति पहले भी कई बार विवादों में रह चुकी है। वहीं, अभिभावकों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में बच्चों को समय पर, स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.