अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर जिले के कहलगांव स्थित एनटीपीसी परियोजना में नए महाप्रबंधक (जीएम) के रूप में रविन्द्र शर्मा ने सोमवार को परियोजना प्रमुख (हेड ऑफ प्रोजेक्ट) का कार्यभार संभाल लिया। उनके पदभार ग्रहण करते ही परियोजना परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
एनटीपीसी कहलगांव के पीआरओ सह प्रबंधक चेव्वाकुला श्रीकांत ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री शर्मा इससे पूर्व एनटीपीसी दर्लीपाली में संचालन एवं अनुरक्षण (हेड ऑफ O&M) के प्रमुख पद पर कार्यरत थे।
करीब 35 वर्षों के समृद्ध अनुभव के साथ श्री शर्मा ने विद्युत क्षेत्र में अनुरक्षण, निर्माण (इरेक्शन) तथा ईंधन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने एनटीपीसी की अंटा, झज्जर, झानोर-गांधार, नॉर्थ करनपुरा और दर्लीपाली परियोजनाओं में विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
कार्यभार संभालने के बाद श्री शर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकताओं में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, परिचालन उत्कृष्टता, उत्पादन क्षमता में वृद्धि, पर्यावरणीय अनुपालन तथा कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के समग्र विकास को सुनिश्चित करना शामिल रहेगा।

