महिला रिक्रूट आरक्षियों को विशाखा गाइडलाइन व सुरक्षित कार्यस्थल के अधिकारों की दी गई जानकारी | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों के लिए शुक्रवार को विशाखा गाइडलाइन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षित कार्यस्थल, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा पेशेवर और संवेदनशील पुलिसिंग के लिए प्रेरित करना था।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने महिला रिक्रूट आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला कर्मचारी को सम्मानजनक, सुरक्षित और भयमुक्त कार्य वातावरण प्राप्त करना उसका अधिकार है। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी प्रकार का लैंगिक उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार होता है, तो निर्धारित कानूनी एवं विभागीय प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सकती है।

बैठक में सेवा के दौरान अनुशासन, नैतिक आचरण, शिष्टाचार, पारस्परिक सम्मान तथा महिला अधिकारों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही महिला रिक्रूट आरक्षियों को पुलिस सेवा में संवेदनशील, निष्पक्ष और जनोन्मुखी कार्यशैली अपनाने, विधिक ज्ञान बढ़ाने तथा प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों, विभागीय शिकायत निवारण व्यवस्था तथा आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने भी महिला रिक्रूट आरक्षियों को आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर कार्यशैली बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की सीख दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिला रिक्रूट आरक्षियों ने विभागीय नियमों का पालन करते हुए जनसेवा की भावना के साथ निष्पक्ष, संवेदनशील और उत्तरदायी पुलिसिंग करने का संकल्प लिया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.