मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

‘सेवा मेरा योगदान अभियान’ (सेवा संकल्प अभियान 2026) के तहत जुन्नारदेव क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 अक्टूबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जुन्नारदेव में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश नागवंशी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

शिविर में सुबह 10:30 बजे से मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच एवं उपचार किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं रक्त जांच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
शिविर में मिल रहीं प्रमुख निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं:
सामान्य एवं रक्त जांच: मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक रक्त जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में निःशुल्क की जा रही है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य: गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य की जांच तथा आवश्यक परामर्श की विशेष व्यवस्था की गई है।
टीकाकरण: बच्चों एवं जरूरतमंदों को आवश्यक टीके लगाए जा रहे हैं।
निःशुल्क दवा वितरण: चिकित्सकों की सलाह के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की जा रही हैं।
परामर्श एवं स्वास्थ्य जागरूकता: स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित खान-पान एवं विभिन्न बीमारियों से बचाव को लेकर चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जा रहा है।
“स्वस्थ रहें तो समृद्ध होंगे” के मूल मंत्र के साथ आयोजित इस अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक प्रत्येक वर्ग के व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
शिविर में डॉ. सुरेश नागवंशी, डॉ. प्राची साहू, डॉ. रोहिल, डॉ. अफ़ज़ अख्तर, डॉ. अविनाश धाकड़ सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की जांच, उपचार और निःशुल्क दवा वितरण में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश नागवंशी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य कराएं।

