मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
थाना खुदागंज पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री और 14 वर्षीय भतीजी घर में हुए विवाद के बाद बिना बताए कहीं चली गई थीं। इस पर थाना खुदागंज में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान 1 जुलाई को दोनों किशोरियों को लखनऊ से सकुशल बरामद किया गया। इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा आवश्यक सहायता के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया। न्यायालय में पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 65(1), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) जोड़ी गईं और लखीमपुर खीरी निवासी सनी को नामजद आरोपी बनाया गया।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर कटरा थाना क्षेत्र के कसरक तिराहे से आरोपी सनी (21 वर्ष), निवासी ग्राम परसिया, थाना खमरिया, जनपद लखीमपुर खीरी, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी खुदागंज के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक तनु कुमारी, हेड कांस्टेबल अजय देवल तथा कांस्टेबल विपिन कुमार की टीम ने की।

