पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना तिलहर पुलिस ने गुरुवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर एक्ट सहित आठ मुकदमों में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, रटापुल गुलेरिया मोड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक फिसल गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रियाज मोहम्मद उर्फ बाबू (38 वर्ष) पुत्र सरताज मोहम्मद, निवासी ग्राम पढ़ेरा, थाना फतेहगंज पूर्वी, जनपद बरेली तथा वर्तमान निवासी मोहल्ला आतिशबाजान, थाना कटरा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना कटरा सहित उत्तर प्रदेश और दिल्ली में गैंगस्टर एक्ट, मादक पदार्थों की तस्करी समेत कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.