मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला रिक्रूट आरक्षियों के लिए शुक्रवार को ‘विशाखा गाइडलाइन’ विषय पर जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को सुरक्षित कार्यस्थल, उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा पेशेवर एवं संवेदनशील पुलिसिंग के लिए प्रेरित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे ने महिला आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक महिला कर्मचारी को सम्मानजनक, सुरक्षित और भयमुक्त कार्य वातावरण मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के लैंगिक उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार की स्थिति में निर्धारित कानूनी एवं विभागीय प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।
बैठक में सेवा के दौरान अनुशासन, नैतिक आचरण, शिष्टाचार, पारस्परिक सम्मान और महिला अधिकारों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, विभागीय शिकायत निवारण प्रणाली और आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने महिला आरक्षियों को आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा और पेशेवर कार्यशैली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी रिक्रूट महिला आरक्षियों ने विभागीय नियमों का पालन करते हुए जनसेवा की भावना के साथ निष्पक्ष, संवेदनशील और उत्तरदायी पुलिसिंग करने का संकल्प लिया।

