मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
एकलव्य आदर्श विद्यालय में जर्जर छात्रावास की समस्या को लेकर विद्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, पुराने छात्रावास भवन की जर्जर हालत के कारण बारिश के दौरान विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी से नाराज़ होकर छात्र-छात्राएं अपना सामान लेकर नए छात्रावास भवन में पहुंच गए।
हंगामे की सूचना मिलते ही तहसीलदार ज्योति ठोके, उप थाना प्रभारी मुकेश डोंगरे, पटवारी शत्रुघ्न सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विद्यार्थियों का कहना है कि पुराना छात्रावास पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बारिश के दौरान भवन कई जगहों से टपकता है और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं नया छात्रावास भवन बनकर तैयार है, लेकिन विद्यालय प्रबंधन द्वारा अब तक विद्यार्थियों को उसमें शिफ्ट नहीं किया गया है, जिससे उनमें भय का माहौल बना हुआ है।
मौके पर तहसीलदार ने विद्यार्थियों को समझाइश दी, छात्रावास का निरीक्षण किया तथा विद्यालय प्रबंधन से चर्चा कर विद्यार्थियों को तत्काल नए भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार ज्योति ठोके ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन को 6 जुलाई तक विद्यार्थियों को नए छात्रावास में शिफ्ट करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

