श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सुल्तानगंज में लेजर-ड्रोन शो से सजेगा शहर | New India Times

अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होने वाला है। इसके मद्देनज़र जिला प्रशासन ने तैयारियां युद्धस्तर पर तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला पदाधिकारी (डीएम) अलंकृता पाण्डेय ने एसएसपी प्रमोद कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगा घाट, अजगैविनाथ मंदिर एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम अजगैविनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा भोलेनाथ, शिवलिंग और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर, गंगा घाट, श्रावणी मेला उद्घाटन स्थल, कृष्णगढ़ कांवड़िया धर्मशाला, फोरलेन पार्किंग स्थल, कच्ची कांवड़िया पथ और धांधीबेलारी धर्मशाला का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, सुल्तानगंज में लेजर-ड्रोन शो से सजेगा शहर | New India Times

डीएम अलंकृता पाण्डेय ने कहा कि मेले से पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। इस वर्ष सुल्तानगंज शहर को शिव थीम पर सजाया जाएगा। गंगा घाट और शहर में आकर्षक बैनर-पोस्टर लगाए जाएंगे, साथ ही लेजर शो और ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे कांवड़ियों को भक्ति का विशेष अनुभव मिलेगा। पर्यटन विभाग द्वारा जर्मन हैंगर के माध्यम से टेंट की व्यवस्था भी की जाएगी।
साफ-सफाई को लेकर डीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेला शुरू होने से पहले नालों की सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं।
वहीं, एसएसपी प्रमोद कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 13 अस्थायी थाने स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा घुड़सवार दल, बाइक पेट्रोलिंग और पैदल गश्ती की व्यापक व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस प्रशासन अलर्ट रहेगा और 4000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
इस मौके पर अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.