वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
थाना खमरिया क्षेत्र के कस्बा खमरिया पंडित निवासी कयामुद्दीन पुत्र मोहम्मद उमर ने थाना प्रभारी निर्मल तिवारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि सड़क दुर्घटना से जुड़े मुकदमा संख्या 128/26 की विवेचना के दौरान विवेचक उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार यादव ने आरोपी पक्ष से कथित सांठगांठ कर दुर्घटना में प्रयुक्त बाइक बदल दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 18 मार्च 2026 को हुए हादसे में प्रयुक्त वाहन हीरो एचएफ डीलक्स (UP 31 DC 324_) था, जिसके फोटो और प्रत्यक्षदर्शी गवाह उसके पास मौजूद हैं। आरोप है कि इसके बावजूद विवेचक ने मामले में बजाज कंपनी की बाइक को शामिल कर दिया और दुर्घटना में प्रयुक्त वास्तविक बाइक को छोड़ दिया। पीड़ित का कहना है कि जब उसने इस संबंध में विवेचक से बात की तो उसे कथित रूप से फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
थाना प्रभारी निर्मल तिवारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित को न्याय दिलाने और दोषी पाए जाने पर संबंधित उपनिरीक्षक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
धरने पर बैठे भाजपा नेता
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब पीड़ित ने क्षेत्र के समाजसेवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा नेता अनिल गुप्ता को पूरी घटना से अवगत कराया। इसके बाद अनिल गुप्ता अपने समर्थकों के साथ थाना खमरिया पहुंचे और उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे तक चले धरने के बाद थाना प्रभारी निर्मल तिवारी द्वारा जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर धरना समाप्त कर दिया गया।

