मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन परिसर में आयोजित तीन दिवसीय समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता विकास प्रदर्शनी के दूसरे दिन जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।
प्रदर्शनी में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। संस्कृति विभाग के कलाकारों ने लोकगीत एवं लोकगायन के माध्यम से जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और पात्र लाभार्थियों को उनसे जोड़ना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करें।
उल्लेखनीय है कि विकास भवन परिसर में आयोजित यह प्रदर्शनी 20 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

