भागलपुर में 27-28 जून को होगा भव्य 'आम समागम-2026', राज्यपाल करेंगे उद्घाटन | New India Times

अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर के बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आगामी 27 एवं 28 जून को दो दिवसीय भव्य “आम समागम-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष समागम की थीम “स्वाद, संस्कृति और समृद्धि का संगम” रखी गई है। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल द्वारा किया जाएगा, जबकि इसमें राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक, उद्यमी, प्रगतिशील किसान एवं आम प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में भागलपुर के मधुबन बगीचा से आम प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को सौगात के रूप में भेजे गए थे, जिससे जिले की आम उत्पादकता और गुणवत्ता को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने बताया कि समागम के दौरान “आधुनिक तकनीक से गुणवत्तायुक्त आम उत्पादन, भंडारण एवं प्रसंस्करण” विषय पर राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, फसल सुरक्षा और नवीनतम तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा होगी, जो किसानों, उद्यमियों और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी।
समागम में देशभर की 100 से अधिक आम किस्मों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही कृषि नवाचारों से जुड़े स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान आम प्रेमियों के लिए “मैंगो ईटिंग प्रतियोगिता” का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.