मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार सिंहस्थ महापर्व 2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम को व्यवहारिक, तकनीक-आधारित एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 1 जून 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम बुरहानपुर में सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के अंतर्गत प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल ने पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ करते हुए “सामुदायिक पुलिसिंग” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय, जनसहभागिता, विश्वास निर्माण तथा संवेदनशील एवं मित्रवत पुलिसिंग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि प्रभावी सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं, साधु-संतों, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं सुगम बनाया जा सकता है। संवाद, सहयोग और त्वरित सहायता की भावना को उन्होंने सिंहस्थ प्रबंधन की सफलता का प्रमुख आधार बताया।
नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल ने सिंहस्थ पर्व के दौरान होने वाले विभिन्न आयोजनों, शाही स्नान एवं सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं की संभावित संख्या, उनके आगमन के तरीकों, भीड़ के प्रवाह तथा व्यवस्थाओं से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी साझा की।
भोपाल में 21 दिवसीय सिंहस्थ प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे सूबेदार दीपाली यादव एवं उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 सप्ताह तक संचालित किया जाएगा। प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र छह दिवसीय होगा, जिसमें यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, अखाड़ों एवं शाही स्नान की व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, वीआईपी ड्यूटी, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर अपराध, सीसीटीवी निगरानी, होल्डिंग एरिया, सैटेलाइट टाउन, सूचना संकलन, चिकित्सा एवं क्विक रिस्पॉन्स, मानव व्यवहार, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा समन्वित पुलिस प्रबंधन जैसे विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल, थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमती नीता देयरवाल, थाना प्रभारी शिकारपुरा श्री संदीप चौरसिया, थाना प्रभारी गणपति नाका श्री सुरेश महाले, थाना प्रभारी यातायात श्री राजेश बारवाल, निरीक्षक टीकमचंद शिंदे, निरीक्षक कमल पवार, सूबेदार दीपाली यादव, उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह तोमर सहित डीएफ, एसएफ, होमगार्ड एवं पुलिस विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
बुरहानपुर पुलिस द्वारा सिंहस्थ 2028 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी तरह व्यवहारिक, तकनीक-आधारित एवं परिणामोन्मुख बनाया जा रहा है, जिससे महापर्व के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

