मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जनपद पंचायत जुन्नारदेव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रश्मि चौहान ने क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माणाधीन विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
कटकुई पंचायत में विकास कार्यों का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान सीईओ रश्मि चौहान ने ग्राम पंचायत कटकुई का दौरा किया। यहां उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही जनपद निधि से निर्मित किए जा रहे पेवर ब्लॉक एवं सीसी रोड के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर यह भी जानकारी ली कि पंचायत स्तर पर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल रहा है या नहीं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में उन्हें आवश्यक सहयोग मिल रहा है या नहीं।
कटकुई के अलावा सीईओ ने क्षेत्र की अन्य ग्राम पंचायतों का भी दौरा कर वहां संचालित विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान सीईओ रश्मि चौहान के साथ सब इंजीनियर ऐशुउद्दीन खान, सब इंजीनियर श्रीमती रिजवाना खान सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

