वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या किए गए 25 वर्षीय विपुल अवस्थी का मंगलवार को पुलिस अभिरक्षा में अंतिम संस्कार किया गया। जवान बेटे की अर्थी उठते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के इस असहनीय दुख को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
मितौली थाना क्षेत्र के ग्राम रामखेड़ा निवासी विपुल अवस्थी नीमगांव थाना क्षेत्र के गड़रिया चौराहे पर गोला-कस्ता मार्ग स्थित बाजार में खरीदारी करने गया था। इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक के परिजनों ने गांव के दो व्यक्तियों तथा भोपतिपुर गांव के एक व्यक्ति के विरुद्ध थाना नीमगांव में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में मितौली थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे और नीमगांव थाना प्रभारी प्रवीर गौतम ने तत्परता दिखाते हुए दो अभियुक्तों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीसरे अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
अभियुक्तों को गांव लाने की मांग पर अड़े रहे परिजन
घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन अभियुक्तों को गांव लाने की मांग पर अड़े हुए थे। इसी मांग को लेकर परिजन शव का अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं थे। परिवार के लोगों का कहना था कि जब तक अभियुक्तों को गांव नहीं लाया जाएगा, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
मौके पर पहुंचे मितौली के प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे ने परिजनों को समझाया और उन्हें आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे पुलिस अभिरक्षा में विपुल अवस्थी का अंतिम संस्कार किया गया। जवान बेटे को अंतिम विदाई देते समय पत्नी और माता-पिता का दर्द हर किसी को झकझोर गया। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। विपुल की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

