अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। इस हमले में नगर सभापति राज कुमार गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार को गोली मार दी गई।

घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में नगर परिषद के कर्मचारियों और वार्ड पार्षदों ने दोनों घायलों को सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर कुंदन भाई पटेल ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि नगर सभापति राज कुमार गुड्डू के सिर में गोली लगी है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण कुमार को शरीर में तीन गोलियां लगी थीं और भागलपुर ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशिक्षु एसएसपी सायम रजा और इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने नगर परिषद कार्यालय को सील कर दिया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस हमले के पीछे नगर परिषद के सभापति और उपसभापति के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

