मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिले में शराब दुकानों की कथित अनियमितताओं और लाइसेंसधारी शराब दुकानों से ढाबों पर अवैध रूप से शराब पहुंचाकर उसकी बिक्री किए जाने की शिकायत पर आबकारी विभाग ने त्वरित संज्ञान लिया है। शिकायत के बाद विभाग की टीम ने गुरुवार देर शाम जिले के विभिन्न ढाबों पर छापेमारी कर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की।
ठाकुर प्रियांक सिंह, प्रीति सिंह राठौर और आयुष भावसार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में शराब दुकानों में कथित अनियमितताओं के साथ ही ढाबों पर अवैध रूप से शराब की आपूर्ति और बिक्री किए जाने का मुद्दा उठाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग, बुरहानपुर की टीम ने जिले के विभिन्न ढाबों पर छापामार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान ढाबों से अवैध रूप से रखी गई और बेची जा रही शराब जब्त की गई। साथ ही, संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
शिकायत के बाद आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से ढाबों पर अवैध शराब की बिक्री का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब देखना होगा कि विभाग आगे इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाता है।

