वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

कस्बा मैगलगंज में शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बिजली विभाग के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। विभाग की कथित मनमानी से नाराज व्यापारियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे पूर्व सांसद जुगुल किशोर को भी जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उनका घेराव करते हुए बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का आरोप था कि बिना पूर्व सूचना और सहमति के जबरन घरों व दुकानों पर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं में असुरक्षा और नाराजगी बढ़ रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व सांसद ने तत्काल एसडीओ (विद्युत) अमित को मौके पर बुलाया। उन्होंने जनता की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पहले से पोस्टपेड मीटर सुचारू रूप से संचालित हैं, वहां उन्हें हटाकर जबरन स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं।
विरोध के बीच एसडीओ अमित ने विभाग की ओर से सफाई देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर केवल उन स्थानों पर लगाए जा रहे हैं, जहां पहले से कोई मीटर नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाएगा।
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों और नागरिकों का आक्रोश शांत हुआ और आंशिक सहमति बनी। फिलहाल कस्बे में स्थिति सामान्य है, लेकिन लोग विभाग की आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि संगठित जनशक्ति के सामने प्रशासन को अपनी कार्यप्रणाली पर पुनर्विचार करना पड़ता है।

