रहीम शेरानी हिंदुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आमजन से सीधे संवाद की रणनीति को प्रभावी बनाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन के साथ हुई, जिसके बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके बाद सभी अतिथियों का सूत की माला से स्वागत किया गया।
सम्मेलन में ब्लॉक अध्यक्षों की भूमिका, जिम्मेदारियों और संगठनात्मक ढांचे को लेकर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने आगामी ‘जनसंवाद सम्मेलनों’ की रूपरेखा पेश करते हुए कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश स्तरीय ‘ब्लॉक जनसंवाद सम्मेलन’ कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि कांग्रेस पिछले 25 वर्षों से सत्ता से बाहर है, ऐसे में कार्यकर्ताओं को और अधिक मेहनत करनी होगी। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि बूथ और ब्लॉक स्तर पर कम से कम 30 हजार परिवारों को संगठन से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी पद की प्राप्ति नहीं, बल्कि कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करना है। पटवारी ने प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश कर्ज, अपराध और भ्रष्टाचार की गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जिसे दूर करने के लिए कार्यकर्ताओं को समर्पण के साथ काम करना होगा।
कार्यक्रम के तहत 25 अप्रैल से 25 मई तक विधानसभा प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर संगठन और कार्यकारिणी का सत्यापन करेंगे। इसके बाद प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर ‘जनसंवाद सम्मेलन’ आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी भाग लेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि संगठन को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक प्रस्ताव विचाराधीन है, जिसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में हर परिवार से 100 रुपये का सहयोग लिया जाएगा। यह राशि जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यों में खर्च की जाएगी।
उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करें, इकाइयों और बीएलए-2 का सत्यापन करें और उनकी सक्रियता सुनिश्चित करें। साथ ही जिला अध्यक्षों के कार्यों का मूल्यांकन जारी होने और आगामी छह माह में ब्लॉक अध्यक्षों के प्रदर्शन का आकलन किए जाने की भी जानकारी दी।
सम्मेलन में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता सशक्तिकरण और जनसंवाद को प्रभावी बनाने पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ सम्मेलन का समापन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, सह प्रभारी संजय दत्त और उषा नायडू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, सज्जन सिंह वर्मा, पी.सी. शर्मा, शोभा ओझा, विजयलक्ष्मी साधौ सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।

