गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

राष्ट्रीय एकता के प्रतीक और देश के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर अकबरपुर नगर पालिका परिसर एवं पटेल चौक पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अकबरपुर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने पटेल चौक पहुंचकर सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने कहा कि देश की 500 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उनका दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के सभासद, पालिका कर्मचारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लिया।

