मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

नगर निगम की सक्रिय सहभागिता से भारत सरकार द्वारा आयोजित “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम महापौर अर्चना वर्मा एवं नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
यह सम्मेलन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें नगर निगम शाहजहाँपुर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
सम्मेलन के दौरान नारी शक्ति के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, उनकी उपलब्धियों और योगदान को रेखांकित करते हुए महिला सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम ने महिलाओं को प्रेरित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा समाज में उनकी भागीदारी को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा यह संदेश भी दिया गया कि महिलाओं का सम्मान ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है।

