मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
कचहरी स्थित हवालात में शुक्रवार दोपहर एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। बंदी को रिमांड के सिलसिले में जिला कारागार से न्यायालय लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने हवालात के शौचालय में फांसी लगा ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर कचहरी स्थित हवालात में एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है, जो छह अक्टूबर से जिला कारागार में निरुद्ध था। उसे रिमांड के लिए जिला कारागार से न्यायालय लाया गया था।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हवालात के शौचालय में फांसी लगाने का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इस संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर थाना सदर बाजार में संबंधित लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

