सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला: शिकायत के बाद प्रशासन सख्त, जल्द होगी कार्रवाई | New India Times

शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर 2 में सरकारी नलकूप विभाग के पास स्थित पुरानी सड़क (सड़क खाम) की खाली भूमि पर कुछ दबंगों एवं भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर पक्का मकान बनाया जा रहा है। इस मामले को लेकर वार्ड के सभासद ने उपजिलाधिकारी कैंपियरगंज एवं अधिशासी अधिकारी से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ी वाले ने आरोप लगाया कि आखिर किसके संरक्षण में सरकारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में सरकारी भूमि पर कब्जा न होने दिया जाए।

उन्होंने बताया कि यह भूमि पहले साहेबगंज ग्राम पंचायत के अंतर्गत आती थी, जहां जिला पंचायत द्वारा पुरानी सड़क का निर्माण कराया गया था। बाद में सड़क पश्चिम दिशा की ओर स्थानांतरित हो गई, जिससे पुरानी सड़क की जमीन खाली हो गई। इसी खाली भूमि पर अब दबंगों द्वारा तेजी से पक्का निर्माण कर कब्जा किया जा रहा है।

सभासद ने उपजिलाधिकारी कैंपियरगंज से मांग की है कि सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए और भूमि की पैमाइश कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कब्जा नहीं रुका तो वे जिला अधिकारी गोरखपुर से शिकायत करेंगे।

वहीं, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र जायसवाल ने बताया कि यह भूमि पहले साहेबगंज ग्राम सभा में थी और यहां पुरानी सड़क थी। वर्तमान में कुछ लोगों ने सड़क की जमीन पर कब्जा कर लिया है और अब खाली भूमि पर भी कब्जा किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने भी उपजिलाधिकारी से बातचीत कर पैमाइश कराने की मांग की है।

इस मामले में उपजिलाधिकारी कैंपियरगंज सिद्धार्थ पाठक ने कहा कि यदि सरकारी भूमि पर कब्जा पाया जाता है तो पैमाइश कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी अंजनेय मिश्रा ने भी कहा कि बार-बार मना करने के बावजूद भू-माफिया कब्जा कर रहे हैं, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को खाली कराया जाएगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article