जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और उदय संस्था द्वारा पुलिस लाइन ग्राउंड में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में फिट इंडिया वुमेन्स वीक के अंतर्गत विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें स्वास्थ्य, फिटनेस और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत रस्साकशी प्रतियोगिता से हुई। इसका उद्घाटन थाना प्रभारी सुश्री निरुपा पाण्डेय और बाणगंगा परियोजना अधिकारी श्री अखिलेश चतुर्वेदी ने किया। श्री चतुर्वेदी ने किशोरियों और महिलाओं के लिए खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल जेंडर समानता और अच्छे स्वास्थ्य से सीधे जुड़े हुए हैं।

इस अवसर पर थाना प्रभारी निरुपा पाण्डेय ने महिलाओं और किशोरियों के साथ क्रिकेट खेलकर लैंगिक समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को करने के लिए बेहतर कौशल की आवश्यकता होती है, न कि जेंडर के आधार पर भेदभाव की।
उन्होंने कहा, “जग को जीवन देने वाली, मौत भी तुझसे हारी है।” साथ ही उन्होंने बताया कि महिला दिवस का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों, समानता और सम्मान को बढ़ावा देना है। उन्होंने महिलाओं से हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और चुप्पी तोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर श्री जय सिंह तोमर (रक्षित निरीक्षक), थाना प्रभारी सुश्री निरुपा पाण्डेय, सूबेदार श्री ऋतुराज वारिवा, सूबेदार सुश्री मनोरमा, बाणगंगा परियोजना अधिकारी श्री अखिलेश चतुर्वेदी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शक्ति समिति के सदस्य तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
